झारखंड के 27 वरिष्ठ न्यायिक पदाधिकारियों का मंगलवार को तबादला कर दिया गया। जमशेदपुर सिविल कोर्ट के जिला जज अनिल कुमार मिश्रा रांची के नए प्रधान न्यायायुक्त बनाए गए हैं। वहीं रांची सिविल कोर्ट के प्रधान न्यायायुक्त दिवाकर पांड को डालटनगंज सिविल कोर्ट के जिला जज बनाया गया है। दिवाकर पांडे रांची सिविल कोर्ट में 14 महीने तक प्रधान न्यायायुक्त रहे। झारखंड हाईकोर्ट के महानिबंधक मनोज प्रसाद ने मंगलवार को इसकी अधिसूचना जारी की। रांची सिविल कोर्ट से जिला जज स्तर के जिन न्यायिक पदाधिकारियों का तबादला हुआ है, उनमें एनआईए के स्पेशल जज मधुरेश कुमार वर्मा, सीबीआई और ईडी के स्पेशल जज प्रभात कुमार शर्मा और मोटर वाहन दुर्घटना मुआवजावाद से संबंधित स्पेशल जज मनीष शामिल हैं। प्रभात कुमार शर्मा को गढ़वा, मधुरेश कुमार वर्मा को गिरिडीह और मनीष को धनबाद सिविल कोर्ट में अतिरिक्त जिला जज बनाया गया है।


