भास्कर न्यूज | जालंधर “आंखें सिर्फ शरीर का अंग नहीं, वह झरोखा हैं जिससे हम दुनिया की सुंदरता और अपनों के प्यार को निहारते हैं। कल्पना कीजिए उस खामोश दर्द की, जहां एक बुजुर्ग अपनी ही संतान का चेहरा देखने को तरस जाए या एक मां अपनी गोद में खेल रहे बच्चे की मुस्कान न देख सके। धुंधली होती दृष्टि सिर्फ रोशनी नहीं छीनती, बल्कि इंसान का आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता भी छीन लेती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मानवता की सेवा और ‘अंधत्व निवारण’ के संकल्प के साथ श्री पंचवटी मंदिर गोशाला धर्मशाला कमेटी और भारत विकास परिषद् जालंधर दक्षिण द्वारा आयोजित मेडिकल कैंप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। संस्था द्वारा यह कैंप स्व. मनराज सिंह ठाकुर की याद में पिम्स के सहयोग से श्री पंचवटी मंदिर गोशाला धर्मशाला के प्रांगण में लगाया गया। कैंप में पिम्स के विशेषज्ञ डॉ. राजेश्वर, डॉ. अमरदीप और डॉ. विश्वनाथ की टीम ने रोगियों का चेकअप किया गया। इसके अलावा छाती और हड्डियों के रोगियों का चेकअप कर फ्री दवाइयां दी गईं। जरूरतमंद लोगों को लगभग 270 चश्मे निशुल्क दिए गए। थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए 35 व्यक्तियों ने रक्तदान किया। पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने श्री पंचवटी मंदिर गौशाला धर्मशाला कमेटी और भारत विकास परिषद् के इस प्रयास की सराहना करते हुए स्व. मनराज सिंह ठाकुर के परिवार का धन्यवाद किया। स्व. मनराज सिंह ठाकुर के परिवार के सदस्यों ने बताया कि मनराज सिंह सदैव सामाजिक कार्यों को प्राथमिकता देते थे भविष्य में भी उन्होंने इस प्रकार के कैंप आगे भी आयोजित करने का आश्वासन दिया। आंखों के कुल 313 रोगियों का चेकअप किया गया। चयनित किए गए 42 मरीजों के ऑपरेशन संस्था की ओर से निःशुल्क कराए जाएंगे। प्रबंधकों ने कहा कि चयनित मरीजों को अस्पताल ले जाने, उनके रहने, खाने और ऑपरेशन के बाद की देखभाल की जिम्मेदारी संस्था की ओर से उठाई जाएगी।’


