28 जनवरी को होने वाले हिंदू सम्मेलन की तैयारियां तेज:खिलचीपुर में भगवा ध्वज यात्रा निकली, स्टेडियम ग्राउंड पर भूमिपूजन

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में 28 अगस्त को होने वाले भव्य हिंदू सम्मेलन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में रविवार को नगर में भगवा ध्वज यात्रा निकालकर आयोजन का संदेश घर-घर तक पहुंचाया गया। यात्रा के साथ स्टेडियम ग्राउंड पर सम्मेलन स्थल का भूमि पूजन भी किया गया। दोपहर करीब 1 बजे झालावाड़ नाके के पास स्थित लालदासजी मंदिर से ढोल-नगाड़ों के साथ भगवा ध्वज यात्रा शुरू हुई। यात्रा में सकल हिंदू समाज के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष हाथों में भगवा ध्वज लेकर शामिल हुए। रास्ते में लोगों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया। पूरे नगर में “जय जय श्रीराम” के नारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। भगवा ध्वज यात्रा लालदासजी मंदिर से निकलकर तोपखाना गेट, पिपली बाजार, पटवा बाजार, इमली स्टैंड होते हुए अस्पताल रोड से स्टेडियम ग्राउंड पहुंची। शांति व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी उमा शंकर मुकाती सहित पुलिस बल यात्रा के साथ मौजूद रहा। स्टेडियम ग्राउंड पहुंचने पर हिंदू सम्मेलन को लेकर विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन किया गया और भगवा ध्वज लगाया गया। आयोजकों ने बताया कि 28 अगस्त को इसी मैदान में सकल हिंदू समाज द्वारा भव्य हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में उज्जैन से पंचायती निरंजन अखाड़ा की महामंडलेश्वर 1008 अन्नपूर्णा गिरी (साध्वी वर्षा जी) विशेष रूप से शामिल होंगी। आयोजन को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है और तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *