28 सितंबर को जयपुर में AU स्मॉल फाइनेंस बैंक और इटरनल हॉस्पिटल के सहयोग से AU जयपुर साइक्लोथोन 2025 का सातवां संस्करण आयोजित होगा। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर यह आयोजन किया जा रहा है। इसमें 100, 50, 25, 10 और 5 किमी की साइकिल यात्रा और 5 किमी की दौड़ होगी। कार्यक्रम से एक दिन पहले, 27 सितंबर को साइकिलिंग पुरस्कार समारोह भी होगा। जिसमें उत्कृष्ट साइकिल चालकों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम से एक दिन पहले, साइक्लिंग पुरस्कार समारोह इटरनल हॉस्पिटल के सभागार में आयोजित होगा। देशभर से हजारों प्रतिभागी जयपुर को स्वस्थ और सक्रिय बनाने के लिए एकजुट होंगे।
साइकिलिंग और रनिंग मानसिक स्वास्थ्य में भी लाभदायक जयपुर रनर्स क्लब के सह-संस्थापक और साइक्लोथोन के सीईओ मुकेश मिश्रा और आयोजन समिति के चेयरमैन सुधीर जैन ने कहा कि हमारा उद्देश्य फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाना है। साइकिलिंग और रनिंग शारीरिक के साथ-साथ मानसिक रूप से भी हमें मजबूत बनाती हैं। यह आयोजन जयपुर को स्वस्थ, सुरक्षित और सक्रिय नगर बनाने की दिशा में कदम है। आयोजन का उद्देश्य हृदय स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा और स्वच्छ जयपुर अभियान को बढ़ावा देना है।
स्वच्छ जयपुर अभियान और महिला सुरक्षा का संदेश जयपुर रनर्स क्लब के अध्यक्ष प्रवीण तिजारिया ने कहा कि देशभर से आने वाले धावक और साइकिल चालक जयपुर की सड़कों पर यह संदेश देंगे कि स्वास्थ्य, तंदुरुस्ती, स्वच्छता और सुरक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी संपत्ति हैं। आयोजन समिति ने बताया कि इस साइक्लोथोन में देशभर से हजारों प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है, जो जयपुर को खेल, स्वास्थ्य और स्वच्छता की राजधानी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।


