धौलपुर में राजस्थान सरकार द्वारा सेवा पखवाड़े के अंतर्गत नमो मैराथन का आयोजन किया गया। जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र और जिला प्रशासन ने इस कार्यक्रम का संयुक्त रूप से आयोजन किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय सिंह ने मैराथन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की परिकल्पना है कि भारत के युवा पूर्णतः स्वस्थ हों। युवा वर्ग किसी भी देश के विकास का आधार होता है। फिट इंडिया के आयोजन प्रभारी जयवीर सिंह पोसवाल ने कहा कि स्वस्थ युवा ही देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त करेंगे। जिला खेल अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 21 से 25 सितंबर तक सेवा पखवाड़े में छह से अधिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। मैराथन जलदाय विभाग से शुरू होकर गौरव पथ, हरदेव नगर, जगन तिराहा, पुराना डाकखाना चौराहा, लाल बाजार, हनुमान तिराहा और सब्जी मंडी होते हुए गांधी पार्क पर समाप्त हुई। बालक वर्ग में रिंकू शर्मा प्रथम, संजीव कंसाना द्वितीय और अंशु शर्मा तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में सुनैना गुर्जर प्रथम, प्रिंसी यादव द्वितीय और गरिमा शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम का संचालन रंजीत दिवाकर एडवोकेट ने किया। परिवहन विभाग ने इस अवसर पर खिलाड़ियों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।


