भास्कर न्यूज | लुधियाना यूनाइटेड साइकिल एंड पार्ट्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (यूसीपीएमए) के आगामी चुनाव में यूनाइटेड अलायंस ग्रुप ने अपनी टीम घोषित कर दी है। ग्रुप ने हरसिमरजीत सिंह लक्की को अध्यक्ष और राजीव जैन को महासचिव पद के लिए उम्मीदवार बनाया है। एमएस भोगल एंड संस में हुई विशेष बैठक में गुरमीत सिंह कुलार और जतिंदर मित्तल ने अध्यक्षता की। बैठक में सेठ, भोगल, कुलार, मित्तल, चौहान, नवयुग, नारंग, प्रभजोत और जेम्को जैसे बड़े औद्योगिक समूहों ने लक्की की टीम के 8 उम्मीदवारों को समर्थन देने का ऐलान किया। लक्की दो साल पहले डीएस चावला को हराकर प्रधान बने थे। इस बार वह नई टीम के साथ मैदान में हैं। बैठक में मिक्स लैंड यूज वाले क्षेत्रों के उद्योगपति भी मौजूद रहे। उन्होंने गठबंधन को पूरा समर्थन देने की घोषणा की। कहा गया कि यह गठबंधन खासतौर पर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (एमएसएमई) वर्ग के हितों की रक्षा करेगा और नीतिगत फैसलों में उनकी भागीदारी बढ़ाएगा। बैठक में उद्योग जगत के कई वरिष्ठ लोग और पूर्व पदाधिकारी शामिल हुए। इनमें प्रदीप वधावन, राजिंदर सिंह पप्पू नारंग, अजुत कुमार, रोहित पाहवा, गुरचरण सिंह जेम्को, हरप्रीत सिंह दरेरा और जसवंत सिंह राजा शामिल थे। सभी ने एकजुट होकर उद्योग में स्थिरता, पारदर्शिता और विकास लाने के ग्रुप के संकल्प का समर्थन किया। यूनाइटेड अलायंस ग्रुप ने स्पष्ट किया कि उनका मकसद सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि उद्योग की बेहतरी, पारदर्शी कामकाज और सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। चुनावी माहौल में इस घोषणा को उद्योग जगत में बड़ी रणनीतिक चाल माना जा रहा है।


