रांची | धनबाद-रांची प्रदेश के सबसे व्यस्त रेल रूटों में से एक है। रेलवे द्वारा पिछले कुछ महीनों से बिना सूचना दिए धनबाद-रांची-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस को एसी चेयर कार की जगह 3 एसी इकॉनमी कोच लगा कर चला दिया जा रहा, जिससे स्टेशन पहुंचने पर यात्री पहले तो भ्रमित हो जाते हैं। चेयर कार की उम्मीद में टिकट बुक करने के बाद रोजाना सफर करने वाले यात्री प्लेटफॉर्म पर बर्थ वाला 3 एसी इकॉनमी कोच देख असमंजस में घिर जाते हैं। इसके बाद यात्रा के दौरान भी कई बार परेशानी होती है। धनबाद से सुबह 5.40 और वापसी में रांची से शाम 5.05 में ट्रेन खुलने के बाद कई बार नीचे के बर्थ वाले यात्री सो जाते हैं, जिससे बीच और ऊपर के बर्थ वाले यात्रियों को परेशानी होती है। कम दूरी की यात्रा भी लेटने वाले कोच में करना असुविधाजनक हो जाता है। इसे लेकर यात्रियों ने कई बारे विभिन्न माध्यमों से रेलवे को शिकायत भी की, पर इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक एसी चेयर कार के कोच की कमी और तकनीकी कारणों से भी अस्थायी बदलाव करना पड़ता है। चेयरकार के कोच में खराबी आने और दूसरा कोच उपलब्ध नहीं रहने से ऐसा किया जाता है। लगातार शिकायतों के बाद इस मामले की समीक्षा की जाएगी।
शॉर्ट दूरी की यात्रा में भी नीचे बर्थ वाले को लेटकर जाना पड़ता है। बैठने में सीटें चेयर कार जितनी सीधी और आरामदायक नहीं होतीं।


