3 दिन में हटाएंगे कब्जा, 7 मीटर चौड़ी होगी सीसी रोड

दाढ़ी नगर पंचायत के मुख्य मार्ग पर सीसी रोड निर्माण के लिए प्रशासन और 42 अतिक्रमणकारियों के बीच सहमति बन गई है। अब नगर के चैतू साहू के मकान से लेकर डॉ. सूरज गुप्ता के मकान तक 7 मीटर चौड़ी नाली सहित सीसी रोड बनेगी। शासन ने इस सड़क के लिए लोक निर्माण विभाग के माध्यम से एक करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। योजना के अनुसार सड़क की चौड़ाई 9.50 मीटर तय थी, लेकिन अतिक्रमण के कारण अब यह 7 मीटर तक ही सीमित रहेगी। सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय में एडीएम अनिल बाजपेई, एसडीएम बेमेतरा प्रकाश भारद्वाज, तहसीलदार सीताराम कंवर और नगर पंचायत सीएमओ की मौजूदगी में बैठक हुई। इसमें सभी अतिक्रमणकारियों ने तीन दिन के भीतर स्वयं अपना कब्जा हटाने पर सहमति दी। बैठक में तय हुआ कि सड़क के मध्य से दोनों ओर 11-11 फुट की दूरी पर नाली सहित सीसी रोड का निर्माण होगा। करीब तीन महीने से अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ था। नगर पंचायत सीएमओ रमेश ध्रुव ने 42 अतिक्रमणकारियों को तीन बार नोटिस जारी किए थे, लेकिन किसी ने कब्जा नहीं हटाया। अब प्रशासन की पहल पर सहमति बनी है। सोमवार को राजस्व विभाग की टीम ने अतिक्रमण में आने वाले मकान, दुकान और आवासों की नाप-जोख कर चिह्नांकन कर दिया है। गौठान सहाड़ा देव से लेकर दाढ़ी के मुख्य मार्ग तक सीसी रोड बनेगी। बताया गया कि निर्माण कार्य तीन दिन बाद शुरू होगा। अतिक्रमण के कारण बड़ी गाड़ियां घुस नहीं पा रही थी नगर पंचायत क्षेत्र में शासकीय जमीन के अलावा मुख्य मार्ग के किनारे बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हुआ है। दुकानदारों और मकान मालिकों ने सड़क किनारे कब्जा कर लिया था। इससे एक ट्रक का भी प्रवेश मुश्किल हो गया था। ग्राम पंचायत काल में वोट की राजनीति के चलते अतिक्रमण को नजरअंदाज किया गया। अब प्रशासन और अतिक्रमणकारियों के बीच बनी सहमति से सीसी रोड निर्माण कार्य फिर शुरू होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *