3 पवित्र शहरों में नशा-मांस बिक्री पर प्रतिबंध, संगत को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं: सीएम

सीएम भगवंत मान ने कहा कि सरकार ने सिखों के लिए धार्मिक महत्व वाले 3 शहरों को ‘पवित्र शहर’ का दर्जा देने संबंधी अधिसूचना जारी कर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि मैं परमात्मा का आभारी हूं, जिसने हमें ऐसा ऐतिहासिक निर्णय लेने की शक्ति और क्षमता प्रदान की है। सीएम ने कहा कि 3 तख्त पंजाब में स्थित हैं, जिनमें श्री अकाल तख्त साहिब अमृतसर, श्री आनंदपुर साहिब और तख्त श्री दमदमा साहिब तलवंडी साबो शामिल हैं। पवित्र तख्त साहिबानों की स्थापना वाले तीनों शहरों को अब आधिकारिक रूप से रूहानियत के केंद्रों और पवित्र शहरों का दर्जा दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इन पवित्र शहरों में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करेगी। सिखों के लिए धार्मिक महत्व वाले इन शहरों में ई-रिक्शा, मिनी-बसें और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाएं प्रदान करने सहित आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि दुनियाभर से आने वाले श्रद्धालुओं और संगत को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। सीएम ने स्पष्ट किया कि इन पवित्र शहरों में अब सख्त नियम लागू होंगे। अब तीनों शहरों में मांस, शराब, तंबाकू और किसी भी नशीले पदार्थ की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध होगा। उन्होंने कहा कि इन शहरों के समग्र और उचित विकास को सुनिश्चित बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। ये शहर केवल रूहानियत का केंद्र नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का शानदार प्रतीक हैं। अब तीनों शहरों को आधिकारिक रूप से पवित्र शहरों का दर्जा मिल गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *