3 महीने से अधूरी सीवरेज खुदाई, अब हर तरफ मिट्टी के ढेर; 400 परिवारों के लिए मुसीबत बनी

भास्कर न्यूज| लुधियाना वार्ड-35 में विधायक रजिंदर पाल कौर छीना ने अप्रैल 2025 में सीवरेज के​ लिए नींव का पत्थर रखा था। यहां महासिंह नगर की गली नंबर-10 के 400 परिवार पिछले 3 महीने से सीवरेज खुदाई के चलते नारकीय जिंदगी जीने को मजबूर हैं। अधूरी पड़ी खुदाई ने बारिश के साथ गली को दलदल बना दिया है। हर तरफ कीचड़ और मिट्टी के ढेर लगे हैं। हालात इतने खराब हैं कि लोग घरों से निकलने में डरते हैं। बाइक और स्कूटर फिसलने से कई लोग घायल हो चुके हैं। महिलाएं सब्जी और राशन तक लाने नहीं जा पा रहीं। बच्चे स्कूल जाने में गिर रहे हैं। बुजुर्ग घरों में कैद हैं। स्थानीय निवासी विमल जैन ने कहा कि गली में फिसलन इतनी ज्यादा है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। मिट्टी घरों के अंदर तक पहुंच गई है। हर दिन हादसों का डर बना रहता है। लोगों का आरोप है कि जबसे सीवरेज का काम शुरू हुआ, उनकी मुश्किलें दोगुनी हो गई हैं। शिकायत के लिए वे कई बार स्थानीय विधायक राजिंदर कौर भल्ला से मिलने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन न तो वह मिलती हैं और न ही फोन उठाती हैं। गली में जगह-जगह खुदाई से निकली मिट्टी के ढेर लगे हैं। बारिश में यह कीचड़ में बदल गई। छोटे बच्चे खेलने के दौरान गिरकर चोटिल हो चुके हैं। बुजुर्ग घर के बाहर पैर नहीं रख पा रहे। महिलाएं सब्जी और दूध तक लाने से कतरा रही हैं। निवासियों का कहना है कि गली की यह हालत प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है। स्थानीय निवासी रेखा शर्मा ने कहा कि सीवरेज का काम जनता के लिए शुरू हुआ था, लेकिन अब यही सबसे बड़ा संकट बन गया है। वार्ड 35 के लोगों ने आरोप लगाया कि विधायक मिलती नहीं, कॉल भी नहीं उठातीं हैं। शिकायत पर कार्रवाई भी नहीं हो रही। नगर निगम के एसडीओ जगरूप सिंह ने बताया कि सीवरेज का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। सिर्फ 20 प्रतिशत हिस्सा बाकी है, जो लगातार हो रही बरसात के कारण रुका हुआ है। जैसे ही मौसम साफ होगा, बचा हुआ काम भी जल्द पूरा कर दिया जाएगा। अधूरी खुदाई से महासिंह नगर की गली नंबर-10 में लगे मिट्टी के ढेर। इलाका पार्षद प्रभप्रीत कौर घुना ने कहा कि यह काम एक महीने पहले ही जनता की सुविधा के लिए करवाया जा रहा है। पहले लोग शिकायतें लेकर विधायक ऑफिस आते थे कि सीवरेज बंद है। अब जब काम हो रहा है तो थोड़ी परेशानी झेलनी होगी। जल्द गली की हालत सुधरेगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गली में ईंटें बिछाकर फिसलन रोकी जाए और सीवरेज का काम जल्द पूरा किया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *