गुना जिले में अवैध शराब के निर्माण पर लगातार दूसरे दिन कार्रवाई हुई। एक दिन पहले मुरादपुर में अवैध शराब की फैक्ट्री पुलिस और प्रशासन ने पकड़ी थी। दूसरे दिन गढ़ला उजारी गांव में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने दबिश देकर अवैध शराब निर्माण पर कार्रवाई की। इस दौरान लगभग तीन हजार लीटर लाहन नष्ट किया गया। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान और संदीप शर्मा उपायुक्त संभाग ग्वालियर के निर्देशन में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय, संग्रह, परिवहन और जहरीली शराब के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी गुरुप्रसाद केवट के मार्गदर्शन आबकारी वृत्त गुना के प्रभारी राधाकिशन अटारिया और उनकी टीम के द्वारा ग्राम गढ़ला गिर्द में पारदियों के डेरों में दबिश दी गई। आबकारी पुलिस को देखकर पारदियों में अफरा तफरी मच गयी। जंगल के पठार से भारी मात्रा में टंकियां गाढ़ी हुई थी, जिनमें भारी मात्रा में लाहन भरा हुआ था। लोहे एवं प्लास्टिक की बड़ी टंकियों में लगभग 3000 किलोग्राम गुड़ लाहन था, जिससे मदिरा बनाने की तैयारी चल रही थी। लाहन को लाने की असमर्थता के कारण मौके पर ही सैंपल लेकर नष्ट कर दिया। 25 लीटर, हाथ भट्टी मदिरा भी जब्त की गई। साथ ही आरोपी महिला शिवानी पत्नी अक्षय पारदी, पूजा पत्नी विक्की पारदी और कृष्णा पिता नीतू पारदी के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34( 1), 49(a) एवं 34i(f) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। कुल 4 प्रकरण पंजीकृत किया गये। नष्ट किए गए लाहन और मदिरा का अनुमानित मूल्य लगभग 3.06 लाख रुपए है। कार्यवाही में आबकारी मुख्य आरक्षक रामहेत कुशवाह, महिला आरक्षक टीना वर्मा, पूजा रघुवंशी, दिनेश कुमार राठौर और गोविंद मीना की भूमिका रही।


