भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब के एनपीएस मुलाजिमों के लिए पुरानी पैंशन बहाली की मांग को लेकर पुरानी पैंशन प्राप्ति फ्रंट पंजाब की ईकाई की ओर से भंडारी पुल पर आम आदमी पार्टी के दफ्तर के बाहर रोष प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में समूह कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी पुरानी पैंशन बहाल करने की मांग की। इस दौरान आप के लोकसभा इंचार्ज इकबाल सिंह को मांग पत्र भी सौंपा गया, जिसमें एनपीएस को खत्म करने की मांग की गई। फ्रंट के राज्य कन्वीनर अतिंदर पाल सिंह घग्गा और माझा जोन कन्वीनर गुरबिंदर सिंह खैहरा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस मेहनती वर्ग के हित्तों की रक्षा और लुटेरे पूंजीवादी प्रबंधों के खिलाफ संघर्ष का एक प्रतीक है। केंद्र सरकार की ओर से कर्मचारियों के बड़े विरोध को दरकिनार करके लाई गई यूपीएस स्कीम और पंजाब सरकार की ओर से 18 नवंबर 2022 को जारी की गई पुरानी पैंशन के अपने ही नोटिफिकेशन को साइडलाइन करके यूपीएस स्कीम को लागू कर दिया गया। इससे कर्मचारियों में रोष है। पीपीपी फ्रंट के मुख्य सलाहकार अश्वनी अवस्थी ने कहा कि पिछले 3 सालों से पुरानी पैंशन का नोटिफिकेशन लटक रहा है, एक भी एनपीएस मुलाजिम का जीपीएफ खाता नहीं खोला गया है। इसके अलावा विधानसभा के चौथे बजट में भी पुरानी पैंशन संबंधी कोई फैसला नहीं किया गया है, जो मुलाजिमों के साथ धोखा है। इस मौके पर हरजाप सिंह बल, शमसेर सिंह, मनप्रीत सिंह अदलीवाल, बलदेव मनन, परमिंदर सिंह राजासांसी, राजेश कुंद्रा, कुलदीप वरनाली, विकास चौहान, विशाल चौहान, दीपक कुमार नवां कोट, मनिंदर सिंह बोहड़ू, हीरा लाल, हैड मास्टर हरदीप सिंह आदि मौजूद थे।


