लुधियाना| सिविल अस्पताल के जच्चा-बच्चा विंग का 100 बेड एक्सटेंशन प्रोजेक्ट तय समय में पूरा नहीं हो सका है। अप्रैल 2022 में शुरू हुए 14 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट को जुलाई 2023 तक पूरा करना था, लेकिन 3 साल में भी सिर्फ 50% काम ही हुआ है। अधिकारियों का दावा है कि शेष काम 31 जुलाई 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा, जो बड़ी चुनौती है। इस प्रोजेक्ट के तहत नए वार्ड, ऑपरेशन थिएटर (ओटी) ब्लॉक, प्राइवेट रूम और क्लिनिकल दफ्तर बनाए जा रहे हैं। इनमें से वार्ड और क्लिनिकल ऑफिस बनकर तैयार हैं और इन्हें जल्द एसएमओ को सौंपा जाएगा। प्राइवेट रूम और ओटी का ढांचा खड़ा हो गया है प्राइवेट रूम और ओटी का ढांचा खड़ा हो गया है, लेकिन फ्लोरिंग, बाथरूम और इलेक्ट्रिकल काम अभी बाकी है। प्रोजेक्ट की डेडलाइन पहले जुलाई 2023 थी, जो मार्च 2024, फिर दिसंबर 2024 और मार्च 2025 होते हुए अब जुलाई 2025 तक पहुंच गई है। अधिकारियों का कहना है कि फंडिंग में देरी के कारण काम लटका रहा। अब जब फंड मिला है तो ठेकेदार के मजदूर गेहूं कटाई के चलते छुट्टियों पर चले गए हैं, जिससे काम फिर अटक गया है।


