अलवर शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एक 30 वर्षीय विवाहित महिला ने ठेकेदार पर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया कि वह रामस्वरूप जाटव नामक ठेकेदार के पास बेलदारी (मजदूरी) का कार्य करती थी। पूर्व में उसने उसके साथ काम किया था, लेकिन वर्तमान में काम नहीं होने के कारण वह घर पर ही थी। 17 दिसंबर को ठेकेदार ने फोन कर काम दिलवाने की बात कही और हनुमान चौराहे पर बुलाया। पीड़िता के अनुसार, जब वह बताए गए स्थान पर पहुंची तो आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर काम दिखाने के बहाने पालका गांव स्थित एक किराए के मकान पर ले गया। वहां आरोपी ने उसके मना करने के बावजूद जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद वह डर गई, लेकिन बाद में हिम्मत जुटाकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला ने बताया कि आरोपी मूल रूप से धौलपुर जिले का निवासी है और वर्तमान में पालका गांव में किराए पर रह रहा है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


