78वें सेना दिवस का कर्टेन रेजर हुआ जारी:सीएम बोले- आर्मी डे परेड की मेजबानी राजधानी जयपुर कर रहा है, यह पूरे राजस्थान के लिए गर्व की बात

जयपुर में 78वें सेना दिवस समारोह की तैयारियों का शनिवार को कर्टेन रेजर किया गया। कार्यक्रम सीतापुरा स्थित जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी में आयोजित हुआ। इस दौरान सैनिकों की वीरांगनाओं और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मौजूद रहे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि 78वीं सेना दिवस परेड की मेजबानी राजधानी जयपुर कर रहा है, यह पूरे राजस्थान के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि राजस्थान वीरों की भूमि है, शक्ति और भक्ति की धरती है। यहां हर गांव और ढाणी में सेना के जवान मिल जाएंगे। उन्होंने कहा- जब सेना की ओर से आर्मी डे परेड के आयोजन का प्रस्ताव आया, तो राज्य सरकार ने पूरे उत्साह के साथ इसे स्वीकार किया। राजस्थान का इतिहास वीरता और बलिदान से भरा सीएम ने बताया कि राजस्थान का इतिहास वीरता और बलिदान से भरा रहा है। यहां के लोग देश और सेना के लिए समर्पण की भावना रखते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्व सैनिक कभी रिटायर नहीं होते। उनके भीतर राष्ट्र के प्रति प्रेम और सेवा का जज्बा जीवन भर बना रहता है। यही कारण है कि इस आयोजन में पूर्व सैनिकों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि जयपुर में होने वाली सेना दिवस परेड कई मायनों में खास है। पहली बार यह परेड सेना की छावनी तक सीमित न रहकर शहर की सड़कों पर आयोजित की जा रही है, ताकि आम लोग भी भारतीय सेना की ताकत, परंपराओं और अनुशासन को नजदीक से देख सकें। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना देश की आत्मा है और यह आयोजन उसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है।
सड़क पर होगी आर्मी डे परेड
जयपुर में15 जनवरी को सुबह 9:30 बजे से जगतपुरा इलाके में स्थित महल रोड पर करीब 3 किलोमीटर लंबे रूट पर परेड निकाली जाएगी। इसमें अलग-अलग रेजिमेंटल सेंटर्स का प्रतिनिधित्व करने वाली मार्चिंग टुकड़ियां मार्च पास्ट करेंगी।
परेड में सेना के विमानों और हेलिकॉप्टरों का फ्लाई-पास्ट भी होगा, जो आयोजन की भव्यता बढ़ाएगा। इसके साथ ही ब्रह्मोस मिसाइल, कई तरह के टैंक, वाहन पर सवार टुकड़ियां, उपकरण और अत्याधुनिक तकनीकों की श्रृंखला देखने को मिलेगी। यह सब भारतीय सेना की आधुनिक तैयारी और क्षमताओं को दर्शाएगा।
8 से 12 जनवरी तक हथियारों का प्रदर्शन
सेना दिवस से पहले 8 से 12 जनवरी तक जयपुर के भवानी निकेतन ग्राउंड में भारतीय सेना के आधुनिक हथियारों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें आम लोग भी शामिल हो सकेंगे और सेना में इस्तेमाल हो रहे हथियारों और तकनीक की जानकारी ले पाएंगे।
एसएमएस स्टेडियम में शौर्य संध्या, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे शामिल
15 जनवरी को ही जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में शौर्य संध्या का आयोजन होगा। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम में लाइट एंड साउंड शो, मार्शल आर्ट का प्रदर्शन और ड्रोन के करतब होंगे। इसके जरिए सेना के शौर्य, बलिदान और परंपराओं को प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके अलावा सेना दिवस से पहले ऑनर रन और साइकिल रैली जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा चुके हैं, जिनके जरिए आमजन को इस आयोजन से जोड़ा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *