हरदा में गुरुवार को छीपानेर रोड की बड़ी नहर के पास रहने वाले लोगों ने आवासीय पट्टे की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार भगवान दास तमखाने को ज्ञापन सौंपा। इन परिवारों का कहना है कि वे 30 से 35 वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक पट्टा नहीं मिला है। नपाध्यक्ष भारती कमेडिया के वार्ड नंबर 34 में छोटी नहर के पास रहने वाली निर्मला बाई ने बताया कि उनके क्षेत्र में करीब 50 से अधिक परिवार रहते हैं। इतने लंबे समय से निवास करने के बावजूद उन्हें आवासीय पट्टा नहीं मिला है। इस कारण वे प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। निवासियों ने यह भी बताया कि उनके क्षेत्र में पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि उनके वार्ड से पार्षद स्वयं नपाध्यक्ष हैं, फिर भी उन्हें कोई लाभ नहीं मिल रहा है, जिससे जीवन-यापन मुश्किल हो गया है। इस मामले पर नायब तहसीलदार भगवानदास तमखाने ने कहा कि वार्डवासियों की समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


