राज्य में पिछले 33 दिनों से चल रही एनएचएम के अधिकारियों-कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। शुक्रवार देर रात हड़ताल समाप्ति की घोषणा की गई। हालांकि दो बार की बातचीत फेल होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने हड़तालियों को 24 घंटे में काम पर न लौटने पर बर्खास्तगी का अल्टीमेटम दिया था। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा की। उनके हस्तक्षेप के बाद एनएचएम कर्मियों की 10 में से 2 मांगों को पूरी तरह मान लेने की घोषणा की गई। 5 मांगों को पूरा करने की प्रक्रिया शुरू करने के बारे बताया गया। तीन मांगें चूंकि केंद्र के माध्यम से पूरी होंगी, इस वजह उनके बारे में हड़ताली कर्मियों को बता दिया गया। उसके बाद हड़ताल समाप्ति का निर्णय लिया गया। एनएचएम कर्मियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद शनिवार से ही राज्य में स्वास्थ्य सुविधाएं पटरी पर आ जाएंगी। एनएचएम के 16 हजार से ज्यादा अधिकारियों-कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से शहर और आउटर के कई हेल्थ सेंटरों व लैब में स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित थीं।


