भास्कर न्यूज | गढ़वा गढ़वा में रक्तदान के लिए सामाजिक कार्यकर्ता हमेशा तत्पर रहते हैं। इन्हीं समाजसेवियों में से एक हैं राकेश गुप्ता। जिनकी उम्र 37 वर्ष है और अब तक वे 49 बार रक्तदान कर चुके हैं। खून की कमी से पीड़ित महिलाएं, दुर्घटनाग्रस्त मरीज और थैलेसिमिया पीड़ित बच्चे इनके लिए राकेश हमेशा उपलब्ध रहते हैं। इतना ही नहीं वे गढ़वा के अलावा डालटनगंज, रांची और वेलोर में भी पहुंच कर रक्तदान कर चुके हैं। वहीं जरूरत पड़ने पर वे लोगों को गढ़वा के अलावे अन्य जगहों पर रक्त भी उपलब्ध करा कर सहयोग करते हैं। जिससे समय पर रक्त मिलने से कईं लोगों की जान बचाई जा चुकी है। राकेश ने अपने जन्मदिन पर वर्ष 2008 से रक्तदान करना शुरू किया है। तब से वे समय-समय पर जरूरतमंदों के लिए और रक्तदान शिविर में भी रक्तदान करते रहते हैं। एक जरूरतमंद शहर के चिनियां रोड निवासी रवि कुमार ने कहा कि उन्हें रक्त की जरूरत थी। इसके लिए वे दो-तीन घंटे से परेशान थे। इसी दौरान जब राकेश गुप्ता से संपर्क हुआ तो वे अपना काम छोड़ कर तुरंत पहुंच गए और रक्तदान कर रक्त उपलब्ध कराया। रवि कुमार ने कहा कि ऐसे युवाओं पर गढ़वा वासियों को गर्व है। क्योंकि जब रक्त की जरूरत पड़ती है तो उस समय कुछ दिखाई नहीं देता है। वहीं लोग तुरंत रक्तदान के लिए तैयार भी नहीं हो पाते हैं। लेकिन राकेश ने रक्तदान के लिए तुरंत सहमति दे दी।


