भास्कर न्यूज | कवर्धा हरियाणा के झज्जर स्थित संस्कारम यूनिवर्सिटी में 9 से 12 जनवरी तक 38वीं राष्ट्रीय सब जूनियर सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में कवर्धा के खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की बालिका टीम ने पहली बार स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। वहीं बालक टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इस राष्ट्रीय मंच पर कवर्धा की प्रयास स्पोर्ट्स एकेडमी के चार खिलाड़ियों ने दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। बालिका वर्ग में सौम्या चंद्राकर और बालक वर्ग में पंकज मेरावी, चंद्रेश कोर्राम व शुभम सेन ने छत्तीसगढ़ टीम का प्रतिनिधित्व किया। चारों खिलाड़ी 7 जनवरी को टीम के साथ झज्जर रवाना हुए थे और पूरे टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन ने निर्णायक भूमिका निभाई। छत्तीसगढ़ की बालिका टीम ने टूर्नामेंट का आगाज आक्रामक अंदाज में किया। पहले मुकाबले में हिमाचल प्रदेश को 10- 0 से रौंदा। इसके बाद नॉकआउट मैच में जम्मू-कश्मीर को 9- 0 से हराकर सुपर लीग में एंट्री की। सुपर लीग में मेजबान हरियाणा से करीबी हार के बाद टीम ने जोरदार वापसी की। आंध्र प्रदेश को 13- 3, केरल को 1- 0 और मध्य प्रदेश को 3- 0 से हराकर टीम पूल टॉपर बनी। सेमीफाइनल में राजस्थान को 3- 1 से शिकस्त दी और ग्रैंड फाइनल में हरियाणा को 9- 3 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रयास स्पोर्ट्स एकेडमी के प्रशिक्षक राजा जोशी ने बताया कि एकेडमी के खिलाड़ी हर साल राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत रहे हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत को दिया। राज्य स्तरीय ट्रायल में चयन के बाद खिलाड़ियों को रायपुर में हिटिंग, पिचिंग, फील्डिंग और मैच रणनीति का विशेष ट्रेनिंग दी गई थी।


