बिजली का बकाया 38 हजार का बिल जमा नहीं कराया तो 3 बिजली कर्मचारी घरेलू कनेक्शन काटने पहुंचे। कनेक्शन काटने के बाद गुस्साए परिवार के लोगों ने बिजलीकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। तीनों घायल हो गए, जिन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट मिलते ही कार्रवाई करेंगे। मामला बाड़मेर के रीको थाना इलाके के रामनगर का है। घटना शुक्रवार दोपहर 2 बजे हुई। रीको थाना इंचार्ज मनोज सामरिया ने बताया- रामनगर इलाके में सुआदेवी पत्नी चूनाराम के नाम पर 38 हजार रुपए का बिल बकाया था। शुक्रवार दोपहर बिजली विभाग से एक टीम बाइक पर मौके पर पहुंची और कनेक्शन काट दिया। इसके बाद 8 से 10 लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में डिस्कॉम सेकेंड के तकनीकी सहायक वगतारात, हेल्पर राकेश मीणा और अशोक कुमार घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। मारपीट करने वाले कौन थे इसको लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। रिपोर्ट देने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बिजली इंजीनियर्स एसोसिएशन जोधपुर डिस्कॉम के अध्यक्ष उम्मेदाराम ने बताया- वारदात की जानकारी मिलने के बाद घटना की सूचना रीको थाना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की तो अधिकारियों से बात कर उग्र आंदोलन करेंगे। जानकारी मिलने पर रीको पुलिस और डिस्कॉम के कर्मचारी और अधिकारी पहुंचे। बकाया बिल जमा नहीं करने वाले कंज्यूमर को डिस्कॉम बार-बार हिदायत देता है। दो दिन पहले भी पहुंची थी टीम, परिवार बोला- शुक्रवार को आना जेईएन मेघराज सियोल ने बताया- उपभोक्ता सुआ देवी पत्नी चूनाराम को 2 दिन पहले लाइट बिल भरने को कहा गया था। तब उन्होंने शुक्रवार तक भरने की बात कही थी। आज जब उनसे पूछा तो कहा कि बिल नहीं भरेंगे। इसके बाद वे टीम को गालियां निकालने लगे। कनेक्शन काटकर टीम रवाना होने लगी तो पीछे से आए लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।


