4 एकड़ में बना 110 फीट ऊंचा पंचदेव मंदिर, गेट के दोनों ओर शेर की मूर्तियां

भास्कर न्यूज | कवर्धा जिला मुख्यालय कवर्धा से करीब 12 किलोमीटर दूर रबेली मुख्य मार्ग पर ग्राम सारंगपुर खुर्द में श्री पंचदेव मंदिर मौजूद है। यह मंदिर 4 एकड़ क्षेत्र में फैला है। जमीन से करीब 20 फीट ऊंचे टीले पर बना यह मंदिर कुल 110 फीट ऊंचा है। इस मंदिर की अपनी विशेषता है, जिसके चलते दूर-दराज से यहां श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर के प्रवेश द्वार पर भव्य स्वागत गेट बनाया गया है। गेट के दोनों ओर शेर की मूर्तियां हैं। मध्य में भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित है, जो श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है। प्रवेश द्वार से पहले हनुमान जी के दर्शन भी होते हैं। मंदिर में ग्रामीण हर उत्सव को मनाते हैं। आगामी दिनों में 26 फरवरी को महाशिवरात्रि है। इस दिन यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। यह मंदिर धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में प्रसिद्ध हो चुका है। यहां श्री राम दरबार, श्री हनुमान दरबार और श्री शिव दरबार स्थापित हैं। यह मंदिर कबीरधाम जिले के सारंगपुर खुर्द गांव में है। दो साल दो महीने में बनकर तैयार हुआ था मंदिर मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी डॉ. गोवर्धन सिंह ठाकुर ने बताया कि श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर पंचदेव दर्शन का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जनवरी 2017 में निर्माण कार्य शुरू हुआ था। यह मंदिर 2 साल 2 महीने में बनकर तैयार हुआ। मंदिर निर्माण में स्थानीय ग्रामीणों ने भी श्रमदान किया। अप्रैल 2019 में मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। इस दौरान बड़ा धार्मिक आयोजन हुआ था, जिसमें शंकराचार्य भी शामिल हुए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *