4 खेतों में अफीम-गांजे के 9 क्विंटल पौधे जब्त किए:6 घंटे चली कार्रवाई, पुलिस ने 10 मजदूर लगाकर उखड़वाई फसल

उदयपुर की भींडर थाना पुलिस ने पाणुंद के भिखावानिया गांव में चार अलग-अलग खेतों में की जा रही अफीम और गांजे की खेती को नष्ट कराया। पुलिस ने 9 क्विंटल से ज्यादा पौधे जब्त किए। खास बात यह रही कि इसी इलाके में पहले भी सालभर पहले भी कार्रवाई हो चुकी थी। इसके बावजूद दोबारा अवैध खेती शुरू कर दी गई थी। मुखबिर से मिली सूचना के बाद भींडर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दो खातेदारी खेतों व दो बिनानाम जमीन पर फैली फसल नष्ट कराया। थानाधिकारी पूनाराम गुर्जर ने बताया कि मौके से 9 कट्टे अफीम के पौधे (597.880 किलो) और 10 कट्टे गांजे के पौधे (369.500 किलो) जब्त किए गए। भारी मात्रा के कारण पौधे उखाड़ने के लिए 10 मजदूरों को दिहाड़ी पर बुलाना पड़ा। 6 घंटे तक चला ऑपरेशन, अंधेरे में भी नहीं रुकी कार्रवाई
कार्रवाई बुधवार दोपहर करीब 3 बजे शुरू हुई थी और रात करीब 9:30 बजे तक चली। अंधेरा होने के बावजूद पुलिस टीम खेतों में डटी रही और मोबाइल टॉर्च की रोशनी में पौधों को उखाड़कर जब्त किया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करवाई गई। कार्रवाई के दौरान सामने आया कि अवैध खेती के पास ही झोपड़ी बनी थी। जिसमें आरोपी रह रहे थे। पहले भी हुई थी कार्रवाई, फिर भी नहीं रुके आरोपी
पुलिस के अनुसार फरवरी 2025 में भी इसी क्षेत्र में अवैध खेती पर कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद दोबारा खेती शुरू होना गंभीर चिंता का विषय है। यह भूमि संयुक्त खातेदारी की है जिसमें 19 खातेदार हैं। जबकि अवैध खेती महेंद्र सिंह द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई है। जब्त पौधों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर भींडर थाने लाया गया। मामले की जांच खेरोदा थानाधिकारी को सौंपी गई है। कार्रवाई में रहे शामिल
इस दौरान कार्रवाई टीम में हैड कांस्टेबल कानाराम, कांस्टेबल जालिम सिंह, हिंगलाजदान, मानसिंह, रिंकुराम, निखिल, जयेंद्र, सुमित्रा, हेमंत, लोकेश, छुट्टन सहित पाणुन्द चौकी से रंजीत सिंह और पटवारी मनोज रेगर थे। इनपुट: अभिषेक श्रीमाली, भींडर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *