भास्कर संवाददाता | खरगोन जिले के मेनगांव क्षेत्र ग्राम इदारतपुरा में जंगली जानवर दिखने से इलाके में हड़कंप मचा था। इस मामले को लेकर ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में तेंदुआ के साथ दो शावक घूमते दिखे थे। इस घटना के बाद वन विभाग की टीम ने संबंधित क्षेत्र में अमरुद के बगीचों के पास संबंधित जानवर को पकड़ने के लिए एक पिंजरा भी लगाया था। वन विभाग के बीट प्रभारी अजय निरगुडे ने बताया कि पिंजरा लगाने को चार दिन बीत चुके हैं लेकिन अब तक किसी भी तेंदुए की मूवमेंट नहीं दिखाई दी है। संबंधित क्षेत्र में मॉनिटरिंग के दौरान लकड़बग्घे के पगमार्क दिखाई दिए हैं। इससे ऐसा लगता है कि क्षेत्र में लकड़बग्घे हैं। निरगुडे ने बताया कि जानवर को पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे में रखे मांस को भी संभवत: लकड़बग्घे ने ही खाया है। फिलहाल वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। फिलहाल अब तक कोई जानवर पकड़ में नहीं आया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


