भास्कर न्यूज | जालंधर न्यू इंदिरा कॉलोनी का 11 साल का कर्ण उर्फ लड्डू सोमवार दिन से लापता है और उसका कोई सुराग नहीं लगा है। उसके खोजने में पुलिस पर ढीली कार्रवाई का आरोप लगाते हुए बच्चे के परिजनों व इलाकावासियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नेशनल हाईवे पर वीरवार को दोपहर 2 बजे धरना लगा दिया। कुछ ही समय में लोगों ने जिंदा पिंड मोड़ के सामने हाईवे पर दोनों तरफ और सर्विस लेन पूरी तरह बंद कर दी। प्रदर्शन करीब 2 घंटे तक चला। इस दौरान हाईवे के दोनों तरफ करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। ट्रैफिक जाम क्लियर होने में शाम के करीब पांच बज गए। बच्चे के चाचा संजय ने बताया कि रिश्तेदारों व अन्य जानकारों के पास दिनभर कर्ण को ढूंढने के बाद उन्होंने सोमवार रात करीब 12 बजे थाना-1 में कंप्लेंट दर्ज करवाई, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद वे लगातार फोन करते रहे, पर पुलिस मुलाजिमों ने उनसे दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। संजय ने कहा कि धरने के बाद एसीपी अशोक मीना और एसएचओ राकेश कुमार ने 8 घंटे में बच्चा ढूंढने का आश्वासन दिया तो धरना हटा दिया गया। जिक्रयोग है कि इंदिरा कॉलोनी स्थित गली नंबर 4 में रहने वाला 11 साल का लड्डू पुत्र सोनू 16 फरवरी को पिता की डांट के बाद घर से कहीं चला गया, लेकिन वापस नहीं आया। परिजनों ने थाना-1 में इसकी शिकायत दर्ज करवाई थी। हाईवे पर राहगीर हुए परेशान दोपहर 2 से 4 बजे तक धरना प्रदर्शन और नारेबाजी का दौर चलता रहा। पुलिस के समझाने पर करीब 4 बजे धरना तो हटा दिया गया, लेकिन इसका असर शाम पांच बजे के बाद भी रहा। जाम में वाहन चालक करीब 3 घंटे परेशान रहे। हालांकि जानकार लोग तो इधर-उधर के इलाकों, गांवों से होकर निकलने लगे तो ट्रैफिक का दबाव उन इलाकों पर भी बढ़ गया, वहां भी जाम जैसी स्थिति बनी रही। इस दौरान अमृत विहार, लिद्दड़ां पिंड, कालिया कॉलोनी, मकसूदां की तरफ जाम लगा रहा।


