सतीश कपूर | अमृतसर पावरकॉम के इंफोर्समेंट विभाग और कंपनी ने करीब 4 माह में अमृतसर और तरनतारन डिविजनों के 18 मीटर रीडरों को टर्मिनेट किया है। उक्त मीटर रीडर उपभोक्ता को 300 यूनिट का फायदा पहुंचाने के लिए कंसीलमैंट करते रहे। जिसका पता कंपनी और इंफोर्समेंट को लगा तो जांच के बाद कार्रवाई की गई। इंफोर्समेंट ने 10 तो कंपनी ने 8 मीटर रीडरों को टर्मिनेट करने की कार्रवाई 8 अक्टूबर 2025 से 24 जनवरी 2026 के बीच की है। उक्त मीटर रीडर उपभोक्ता को प्रतिमाह 300 यूनिट का फायदा पहुंचने को मोबाइल से मीटर की फोटो खींचते समय ब्लर कर देते थे। वहीं कई रीडर मीटर की पुरानी फोटो डालते थे ताकि कंपनी मीटर रीडिंग न पढ़ सके। धांधाली का पता लगने पर उन सभी मीटरों की रि-चेकिंग करवाई जिनकी रीडिंग पढ़ी जा रही थी। जिसके बाद मीटर रीडरों को टर्मिनेट किया गया। तरनतारन जिले के पट्टी डिवीजन के 3, अमृतसर के ईस्ट डिवीजन के 4, रईया डिवीजन के 6, अजनाला के 2 और सिविल लाइन और हर्षछीना के एक-एक मीटर रीडर को टर्मिनेट किया गया है। पावरकॉम ने अगस्त 2025 में टीडीएस कंपनी को बिजली मीटरों की रीडिंग लेने का ठेका दिया था। कंपनी ने हरेक मीटर की रीडिंग लेते समय फोटो खींच कर सॉफ्टवेयर में अपलोड करने की हिदायत दी थी ताकि रीडिंग सीधे कंपनी और पावरकॉम मैनेजमेंट के पास पहुंचकर तुरंत बिल बने। मगर कुछ मीटर रीडर उपभोक्ता से सेटिंग करके मोबाइल से मीटर की फोटो ब्लर खींचकर डाल देते थे ताकि रीडिंग पढ़ी न जाए।


