भास्कर न्यूज | चतरा रामनवमी पर्व को देखते हुए उपायुक्त रमेश घोलप के निर्देश पर शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी, सिमरिया के पर्यवेक्षण में उत्पाद विभाग एवं सिमरिया थाना के संयुक्त टीम ने सिमरिया थाना अंतर्गत बानासाड़ी, कुटी, गोआकला, बगरा एवं जबड़ा में सघन छापामारी अभियान चलाया । छापामारी के दौरान बिना अनुज्ञप्ति के शराब बेचने वाले दुकानों और अवैध महुआ शराब के निर्माण एवं बिक्री स्थलों पर छापामारी की गई। इस स्थलों से 40 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब ,130 किलो जावा महुआ और जावा महुआ एवं शराब चुलाई में प्रयुक्त उपकरण जब्त किया गया। छापामारी के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया। आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।अधीक्षक उत्पाद ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन को ध्यान में रखते हुए जिले में लगातार छापामारी, तलाशी एवं गश्ती की कार्रवाई की जा रही है।


