भास्कर न्यूज|बेतला पलामू व्याघ्र परियोजना के उत्तरी प्रमंडल में शुक्रवार को वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। उप निदेशक पीके जेना के निर्देश पर बेतला वन क्षेत्र पदाधिकारी उमेश कुमार दूबे के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने ग्राम अखरा में छापा मारा। इस दौरान हिरण का मांस, खाल और सिंग बरामद किया गया। मौके से दो आरोपी रामगति परहिया और चैतू परहिया को रंगेहाथ पकड़ा गया। दोनों को लातेहार जेल भेज दिया गया है। दोनों आरोपी ग्राम अखरा के रहने वाले हैं। रेंजर उमेश दूबे ने बताया कि कार्रवाई की भनक लगते ही पांच अन्य आरोपी फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। वन विभाग की इस कार्रवाई से इलाके के अन्य शिकारी और वन माफिया में हड़कंप मचा हुआ है। भास्कर न्यूज | चंदवा सासंग मध्य विद्यालय के 30 से अधिक बच्चों को शनिवार को मधुमक्खियों ने काट लिया। वहीं विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कुमारी चंदा को भी काटा है। इस घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। बच्चे किसी प्रकार स्कूल के कमरों में भाग कर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से तत्काल एंबुलेंस भेजा गया और एक दर्जन घायल बच्चों एवं शिक्षकों को अस्पताल लाया गया। बाकी को कम घायल होने के कारण परिजन घर ले गए। डॉक्टर नीलिमा और डॉक्टर मनोज कुमार की टीम ने घायलों का इलाज किया। अस्पताल पहुंचने वाले घायल छात्र-छात्राओं में अजय भुइयां, अमीश यादव, आकाश कुमार, आयुष कुमार, नाहिद रजा, कृति कुमारी, आशिका कुमारी, माही कुमारी, उत्तम कुमार सोनी, पल्लवी कुमारी, काजल कुमारी, प्रधानाध्यापिका कुमारी चंदा व अन्य शामिल है। इसके अलावा दर्जनों और छात्र-छात्राएं भी घायल हुए हैं जिनका इलाज घर में ही चल रहा है।


