40 से ज्यादा संदिग्धों की पहचान, बिना वैध दस्तावेज के रह रहे थे

भास्कर न्यूज | कवर्धा जिले में अपराधों पर लगाम लगाने के लिए गुरुवार तड़के कबीरधाम पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। यह कार्रवाई उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर की गई। राजनांदगांव रेंज के आईजी अभिषेक शांडिल्य के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। जिले के 10 थानों से चुने गए 150 पुलिसकर्मियों को इस अभियान में लगाया गया। गश्त की शुरुआत बुधवार- गुरुवार तड़के 3 बजे हुई। मकसद था कि असामाजिक तत्वों को पहले से भनक न लगे। पुलिस टीमों ने कवर्धा शहर के सभी प्रमुख इलाकों, गली-मोहल्लों, स्लम, होटल-ढाबों, किराए के मकानों और संवेदनशील स्थानों की गहन तलाशी ली। घर-घर जाकर किराएदारों और बाहरी लोगों की जांच की गई। 40 से ज्यादा संदिग्धों की पहचान हुई, जो बिना वैध दस्तावेज के रह रहे थे। सभी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। बताया गया कि इसे लेकर सक्रियता बढ़ाई गई है। जांच में सामने आया कि कई मकान मालिकों ने किराएदारों का सत्यापन नहीं कराया था। कुछ मकानों में संदिग्ध प्रवृत्ति के लोग रह रहे थे। पुलिस ने ऐसे मकान मालिकों से पूछताछ की और सख्त हिदायत दी कि बिना सत्यापन के किसी को किराये पर न रखें। ऐसा न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। गश्त के दौरान कुछ संदिग्ध भी पकड़े गए पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि यह अभियान जिले को अपराधमुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम है। उन्होंने बताया कि आगे भी ऐसे औचक अभियान चलाए जाएंगे। गश्त के दौरान कुछ लोगों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गई हैं। उनकी जांच जारी है। जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी संदिग्ध दिखे तो पुलिस को दें सूचना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। कबीरधाम पुलिस का यह ऑपरेशन न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कदम है, बल्कि यह भी साफ संकेत है कि अब असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *