झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज में स्थित उत्क्रमित राजकीयकृत मध्य विद्यालय पैनीकला में एक अनूठा विरोध देखने को मिला। विद्यालय के लगभग 400 छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों की कमी के विरोध में मिड डे मील का बहिष्कार कर दिया। स्कूल में पिछले चार वर्षों से केवल एक शिक्षक कार्यरत हैं, जिसके कारण शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह से प्रभावित हो रही हैं। छात्रों का कहना है कि वे पिछले चार सालों से केवल मध्यान्ह भोजन करने के लिए स्कूल आते हैं और वापस लौट जाते हैं। विद्यार्थियों ने अपने भविष्य की चिंता जताते हुए ‘हमें भोजन नहीं, शिक्षा चाहिए’ का नारा लगाया। छात्र अपनी मांग पर अडिग रहे विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रेम कुमार ने छात्रों को मध्यान्ह भोजन करने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांग पर अडिग रहे। प्रधानाध्यापक ने स्वयं स्वीकार किया कि छात्रों की मांग पूर्णतः उचित है, क्योंकि एक शिक्षक के भरोसे पूरा विद्यालय चल रहा है। स्थानीय मुखिया ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया और बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए विभाग को कई बार पत्र लिखा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। छात्रों का कहना है कि जब तक पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होगी, तब तक वे मिड डे मील नहीं लेंगे।


