विदिशा| बुधवार को भारत भारती संस्कार जैन महिला मंडल और एसपी रोहित काशवानी ने ट्रैक्टर ट्राली और अन्य वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए । महिला मंडल की अध्यक्ष नीता सर्राफ ने बताया कि उनका महिला मंडल पिछले कई सालों से ट्रैक्टर ट्रालियां पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने का काम कर रहा है। एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि इस मुहिम के तहत 400 ट्रैक्टर ट्रालियों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं, जो कि महिला मंडल की अनुकरणीय पहल है और इससे जिले में सड़क हादसों में कमी आएगी और सड़क सुरक्षा में भी मदद मिलेगी। यह रेडियम रिफ्लेक्टर वाहन की लाइट पड़ते ही दूर से दिखाई देगा, जिससे हादसों को कम किया जा सकता है। दरअसल, ट्रैक्टर-ट्राली के खराब होने पर या ट्राली पंचर होने पर उसे सड़क पर खड़ा कर देते हैं, जिसके कारण दूसरे वाहन चालक को अंधेरे में ट्रैक्टर ट्राली दिखाई नहीं देती और हादसे हो जाते हैं।


