भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा मकर संक्रांति पर कसौली कैंप के प्रभारी कंपनी कमांडर पन्नालाल के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। 41 साल से ज्यादा समय तक निष्ठापूर्ण सेवा के बाद वे 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। समारोह में अफसर-जवानों और स्टाफ ने उन्हें सम्मान के साथ विदा किया। पन्ना लाल ने 31 अक्टूबर 1985 को अविभाजित मध्यप्रदेश के विशेष सशस्त्र बल में भर्ती होकर 41 वर्ष 3 माह तक देश और समाजसेवा की। विदाई कार्यक्रम की शुरुआत धार्मिक परंपराओं के अनुरूप हुई। अफसर-जवानों ने इंद्रावती नदी में स्नान कर मां दंतेश्वरी के दर्शन किए। फिर कसौली कैंप में कार्यक्रम हुआ, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी, जवान मौजूद रहे। एसपी आईपीएस गौरव राय और आईपीएस राजेश कुकरेजा के निर्देशन में सेनानी प्रथम बटालियन ने विशेष वेलफेयर और विदाई दी। इसी दौरान कसौली कैंप का प्रभार कंपनी कमांडर घनश्याम सिंह को सौंपा गया। घनश्याम सिंह ने पन्ना लाल को श्रीफल और शॉल भेंट किया, जबकि अन्य अफसर-जवानों ने पुष्पहार व गुलदस्ते भेंट किए। घनश्याम सिंह ने पन्ना लाल के अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। वहीं पन्ना लाल ने अपने सेवाकाल की स्मृतियां साझा करते हुए जवानों से ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवा करने का आह्वान किया। मां दुर्गा मंदिर में दर्शन-भजन के साथ समारोह का समापन हुआ।


