विजयादशमी पर जोन क्रमांक 3 के अंतर्गत सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा की दृष्टि से मां कालिका का आव्हान कर पूजन किया जाता रहा है। इस पूजन को परंपरागत रूप से करते हुए 42 साल पूरे हो चुके है। चैंबरों की सफाई के दौरान कर्मचारियों के साथ हादसा होने की संभावना बनी रहती थी, उनके साथ काम के दौरान कोई दुर्घटना नहीं हो, कर्मचारियों के स्वस्थ और सुरक्षित रहने की मंगल कामना के साथ यह पूजन किया जाता है और भविष्य में किसी भी कर्मचारी के साथ जो इस प्रकार के काम करते हैं शहर को स्वच्छ, सुंदर और अच्छा बनाए रखने में मदद करते हैं उन सभी की कुशल रहने की कामना की जाती है। नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव को इस पूजन की जानकारी मिली तो वे खुद चिमनबाग चौराहे पहुंचे और विजयादशमी के पावन पर्व पर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ शामिल होकर पूजा की और अपने निगम कर्मचारियों के लिए स्वस्थ और सुरक्षित रहने की कामना की। बता दे कि 42 साल की इस परंपरा में पहली बार निगम आयुक्त ने शामिल होकर यह पूजन किया है। इसके बाद निगमायुक्त नगर निगम मुख्यालय स्थित रिमूवल ऑफिस पहुंचे और यहां पर निगम की गाड़ियों का पूजन-अर्चन किया। इस दौरान अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया, जोनल अधिकारी जोन क्रमांक 3 राज ठाकुर, रिमूवल प्रभारी बबलू कल्याणे, सफाई और ड्रेनेज और रिमूवल कर्मचारी मौजूद रहे।


