टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और रांची के राजकुमार महेंद्र सिंह धोनी का आज जन्मदिन है। इस मौके को उनके फैंस ने धूमधाम से मनाया। धोनी के रांची स्थित सिमलिया फॉर्म हाउस के बाहर सुबह से ही उनके चाहने वालों की भीड़ जुटने लगी। धोनी फैन क्लब की ओर से खास आयोजन किया गया, जिसमें फैंस ने धोनी के बड़े कटआउट के सामने केक काटा। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जन्मदिन की खुशी मनाई। सभी ने कहा – हैप्पी बर्थडे माही फॉर्म हाउस के बाहर मौजूद धोनी के फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सभी ने ‘हैप्पी बर्थडे माही’ के नारे लगाए और टीम इंडिया को दो-दो वर्ल्ड कप जिताने वाले अपने फेवरेट कप्तान को शुभकामनाएं दीं। कुछ प्रशंसक पारंपरिक झारखंडी वेशभूषा में भी नजर आए, जो खास तौर पर धोनी के लिए इस जगह पर पहुंचे थे। फैंस की एक ही ख्वाहिश थी कि धोनी एक बार बाहर आएं और उनसे मिलें। एक फैन ने कहा, धोनी सर हम लोगों को सिर्फ एक बार हाय कर दें, बस वही हमारे लिए सबसे बड़ा गिफ्ट होगा। पिछली बार भी हमने इसी तरह उनका जन्मदिन मनाया था, लेकिन इस बार उम्मीद है कि वो खुद बाहर आकर बर्थडे विशेज स्वीकार करेंगे। धोनी को मिठाई खिलाने की उम्मीद कुछ फैंस धोनी को मिठाई देने की चाहत भी रखते थे। एक अन्य प्रशंसक ने कहा हम लोग मिठाई लेकर आए हैं, बस धोनी सर एक बार बाहर आएं और हम उन्हें मिठाई दे सकें। वो हम सभी के हीरो हैं। उनका बर्थडे हमारे लिए किसी त्योहार से कम नहीं होता। हर साल की तरह इस बार भी धोनी के जन्मदिन को उनके चाहने वालों ने बेहद खास बना दिया। फार्म हाउस के बाहर घंटों इंतजार करते हुए भी फैंस के चेहरों पर मुस्कान बनी रही। उनके लिए यह सिर्फ एक जन्मदिन नहीं, बल्कि अपने क्रिकेट आइकॉन से जुड़ने का एक खास मौका था।


