49वां गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता आज से शुरू

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर 3 फरवरी से कोरिया जिले के महाजन स्टेडियम में फुटबॉल का महाकुंभ की शुरुआत होगी। यहां देश भर के 18 टीम के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। बता दें कि अखिल भारतीय सेशन स्मृति गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता का 49वां वर्ष है। स्पर्धा को लेकर एसईसीएल प्रबंधन ने सभी तैयारी पूरी कर ली है। विजेता टीम को 1 लाख 50 हजार व उप विजेता टीम को 75 हजार रुपए पुरस्कार दिया जाएगा। जिला फुटबॉल संघ के सचिव डॉ. अशोक विराजी ने बताया कि फुटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन के लिए एसईसीएल स्तर पर अधिकार से लेकर कर्मचारियों ने अपना एक दिन का वेतन दिया है। सभी के सहयोग से राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन कर टीमों को बुलाया जाता है। बता दें कि चरचा कॉलरी में एसईसीएल की कोयला खदानें शुरू होने के साथ ही यहां राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन शुरू कराया गया था। कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि टूर्नामेंट यहां के कोयला खदान में इंजीनियर रहे पी. सेशन की स्मृति में आयोजित किया जाता है। वर्ष 1976 के करीब उनकी मृत्यु हो गई थी। बता दें कि सन 1976 से शुरू हुए अखिल भारतीय सेशन स्मृति गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता में चरचा कालरी की टीम को एक बार ही घरेलू मैदान में फाइनल मैच में विजेता बनने का मौका मिला है। वर्ष 2007-08 में आयोजित हुए प्रतियोगिता में कोरिया जिले की चरचा कालरी टीम को विजेता बनी थी। जानिए… ये टीमें फुटबॉल स्पर्धा में हिस्सा ले रहीं बता दें कि 3 फरवरी से शुरू हो रहे फुटबॉल स्पर्धा में 18 टीमें हिस्सा ले रही है। इसमें कालीघाट स्पोर्टस लवर्स, कोलकाता, सुंदरगढ़ एफसी. ओडिसा, अवध वॉरियर एफसी. उत्तराखंड़, एमईजी बैंगलोर, लूका एफसी केरला, सेरसा खड़गपुर, एमके. एफसी बक्सर, बैंक आफ बड़ोदा, मुम्बई, कश्मीर यूनाईटेड, ग्रीन वैली असम, मल्लापुरम एफसी. कालीकट केरला, हैदराबाद इलेवन तेलंगाना, वाईडीसी मणिपुर, 14. राजस्थान इलेवन, एसएसबी. सिलिगुड़ी, प. मध्य रेलवे जबलपुर, सेल बोकारो झारखंड और न्यू स्पोर्टिंग क्लब चरचा शामिल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *