एजुकेशन रिपोर्टर | बिलासपुर कक्षा 5वीं और 8वीं की वार्षिक परीक्षा इस साल 16 और 17 मार्च से शुरू होगी। डीपीआई ने टाइम टेबल जारी किया है। 5वीं की परीक्षा सुबह 9 से 11 बजे और 8वीं की 9 से 12 बजे आयोजित होगी। परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी डीईओ पर होगी, जबकि बीईओ नामिनल रोल तैयार करेंगे। जिला स्तरीय संचालन समिति डीईओ की अध्यक्षता में गठित होगी, जिसमें डाइट प्राचार्य, सहायक संचालक, जिला मिशन समन्वयक, बीईओ, हायर सेकेंड्री प्राचार्य, मिडिल स्कूल प्रधान पाठक और संकुल समन्वयक सदस्य होंगे। 30 मार्च से कक्षा 5वीं और 4 अप्रैल से कक्षा 8वीं का मूल्यांकन शुरू होगा। 15 अप्रैल तक मूल्यांकन का काम और 30 अप्रैल को रिजल्ट घोषित होगा। वार्षिक परीक्षा में फेल छात्र और अनुपस्थित छात्र 1 जून से आयोजित पूरक परीक्षा में बैठ सकेंगे। पूरक में फेल होने पर भी क्रमोन्नति से अगली कक्षा में प्रवेश मिलेगा। विषय शिक्षक फेल विषय की अतिरिक्त कक्षाएं देंगे। परीक्षा अवधि में डीईओ, बीईओ और संकुल समन्वयक प्रतिदिन तीन-तीन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।


