त्योहारों के मौसम में अनंत मंडी’ इस बार राजधानी के लोगों के लिए एक खास तोहफा लेकर लौट रही है। शहर का लोकप्रिय ऑर्गेनिक और लोकल आर्टिजन्स मार्केट रविवार, 5 अक्टूबर को शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक भोजपुर क्लब, अरेरा कॉलोनी में इसका आयोजन किया जाएगा। इस बार मंडी का विशेष आकर्षण होगी कपड़ों से बनी ज्वैलरी, जिसे स्थानीय कारीगरों ने पर्यावरण के अनुकूल तरीके से तैयार किया है। यह मंडी सिर्फ़ खरीदारी का स्थान नहीं, बल्कि सतत (Sustainable) जीवनशैली को बढ़ावा देने वाली एक सामुदायिक पहल है। यहां आने वाले लोगों को मिलेगा जैविक खाद्य पदार्थों से लेकर हैंडमेड सजावटी उत्पादों, दीवाली गिफ्ट आइटम्स और कपड़ों से बनी अनोखी ज्वैलरी तक का अनूठा संगम। मंडी में इस बार बिना रसायन वाली सब्जियां, अनाज, दालें और पौष्टिक मिलेट्स भी उपलब्ध रहेंगे। साथ ही, स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प, घरेलू सजावट के सामान और टिकाऊ गिफ्ट्स त्योहार की तैयारियों को नया रंग देंगे। यह है ‘अनंत मंडी’ का उद्देश्य
स्थानीय किसानों और कलाकारों को मंच देना, रसायन-मुक्त और स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों को बढ़ावा देना और शहरवासियों को प्रकृति के करीब लाना। आयोजकों का कहना है कि हर खरीदारी के साथ उपभोक्ता न केवल अपने परिवार के लिए बेहतर विकल्प चुनते हैं, बल्कि उन मेहनती लोगों का भी सहयोग करते हैं जो खेतों और कार्यशालाओं से सच्चे अर्थों में टिकाऊ उत्पाद तैयार करते हैं।


