भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना मजीठा रोड के अधीन आते धर्मपुरा आबादी से 5 दिन पहले एक 9 साल का बच्चा लापता हो गया। बच्चे के पिता ने इस मामले में अब तक पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया, जबकि पुलिस ने कहा कि जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पर्चा दर्ज कर दिया है। पीड़ित अमृत लाल ने आरोप लगाते हुए बताया कि जब वह अपनी माता के साथ 18 जून को पुलिस चौकी में बच्चे को ढूंढने की फरियाद लेकर गया तो वहां पुलिस माता के साथ दुर्व्यवहार किया। उसका बेटा 15 जून की दोपहर साढ़े 12 बजे छबील पीने के लिए घर से निकला था, वापस नहीं आया। 3 दिन तो वह खुद ढूंढते रहे, जब कहीं नहीं मिला तो पुलिस को शिकायत दी। वह जब भी पुलिस के पास जाता है तो उसे झूठा आश्वासन देकर भेज दिया जाता है। पुलिस उसके बच्चे को नहीं ढूंढ रही है। वहीं, फैजपुरा पुलिस चौकी इंचार्ज अमर सिंह ने बताया कि उनके पास अमृत लाल 18 जून को शिकायत दी। पुलिस ने 52 नंबर पर्चा भी दर्ज किया। टीम बच्चे का पता करने के लिए जांच कर रही है। दुर्व्यवहार करने का आरोप झूठा है। अमृतलाल का बेटा 15 जून से गायब है, लेकिन उसने खुद देरी से शिकायत दी है।


