भास्कर न्यूज | कोरबा मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के दादरखुर्द मार्ग पर स्थित स्टेट बैंक के चीफ मैनेजर के सूने आवास में शुक्रवार रात चोरी हो गई। खिड़की तोड़कर घुसे चोरों ने करीब 5 लाख रुपए के जेवरात ले गए। दूसरी ओर घर में रखे 20 हजार रुपए और लैपटॉप को छुआ भी नहीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रविशंकर शुक्ल नगर से दादर खुर्द मार्ग किनारे एसईसीएल गर्मी नवनीत नाथ का मकान है। यहां भारतीय स्टेट बैंक के चीफ मैनेजर राजू मोदी किराए पर रहते हैं। शुक्रवार को परिवार के साथ वे रायपुर गए हुए थे। देर रात 1 बजे घर लौटे तो उन्होंने देखा कि बेडरूम की खिड़की का रॉड टूटा हुआ है। इससे चोरी की आशंका हुई। उन्होंने इसकी सूचना डायल 112 और मानिकपुर चौकी पुलिस को दी। सूचना पर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। राजू ने बताया कि चोरों ने अलमारी तोड़कर 5 लाख के जेवरात चोरी किए हैं। घर में रखे 20 हजार रुपए और लैपटॉप जैसे महंगे सामान को छुआ भी नहीं। चौकी प्रभारी राठौर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सुबह डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया। डॉग बाघ ने घटनास्थल से करीब 1 किलोमीटर दूर पोड़ीबहार मैदान तक चोरों का सुराग लगाया, जहां शराब की खाली बोतल तक पहुंचा। पुलिस अब आसपास लगे सीसी फुटेज खंगाल रही है।


