एनाम खान | गढ़वा जिला मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों में मकर सक्रांति 14 जनवरी को मनाया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए गढ़वा जिला ऐतिहासिक मां गढ़देवी मंदिर के पुजारी राजन पांडेय ने कहा कि 14 जनवरी को सूर्य दिन में 3:26 बजे मकर राशि में प्रवेश कर रहा है। अतः मकर संक्रांति की पूण्य काल सूर्यास्त तक रहेगा। इसलिए मकर संक्रांति 14 जनवरी दिन मंगलवार को मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पांच वर्षों के बाद 14 जनवरी को मकर संक्रांति मन रहा है। पिछले पांच वर्षो तक मकर संक्रांति 15 जनवरी को ही मना था। इधर, मकर संक्रांति को लेकर बाजार पूरी तरह से सज गया है। गढ़वा के विभिन्न चौक-चौराहों पर तिलकुट की सोंधी खुशबू लोगों को आकर्षित करने लगा है। तिलकूट कारोबारियों ने अपने-अपने दुकानों को तिलकुट से सजा चुके है। इन दुकानों में तिल, गुड़, चीनी और खोआ से बने कई वैरायटी के तिलकुट हैं। जो लोगों को आकर्षित कर रहा है। तिलकुट का कारोबार करने वाले व्यापारियों ने बताया कि इस वर्ष बाजार से काफी उम्मीद है। तिलकुट व्यवसायियों का कहना है कि इस वर्ष एक करोड़ रुपए का तिलकुट का कारोबार होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि गढ़वा जिला में 125 तिलकुट दुकान है। प्रत्येक दुकान से डेढ़ से दो क्विंटल तिलकुट मकर संक्रांति पर बिकने की उम्मीद है। इधर, मकर संक्रांति को लेकर सजाए गए दुकानों में लोग जुड़ा तिलकुट आदि की खरीदारी कर रहे हैं। इस संबंध में लोगों का कहना है कि 14 जनवरी को मकर संक्रांति का त्योहार होने के कारण अभी से ही लोग मकर संक्रांति से संबंधित सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। रविवार को ज्यादातर लोगों ने मकर संक्रांति से संबंधित सामग्री की खरीदारी की।


