बिलासपुर नगर निगम में कांग्रेस के महापौर पद के उम्मीदवार प्रमोद नायक 5 करोड़ रुपए से अधिक के आसामी हैं। उनकी पत्नी और बेटी के नाम पर भी अकूत संपत्ति है। जबकि, BJP की मेयर प्रत्याशी पूजा विधानी के पास 2 करोड़ 23 लाख रुपए की संपत्ति है। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) के मेयर कैंडिडेट खगेश चंद्राकर भी करोड़पति बनने की राह पर हैं। नगर निगम में चुनावी माहौल अब गरमाने लगा है। नाम वापसी के पहले ही उम्मीदवारों ने प्रचार तेज कर दिया है। नगर निगम में मेयर के 10 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें कांग्रेस, भाजपा, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के साथ शिवसेना शिंदे गुट व निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव आयोग ने प्रत्याशियों को अपनी संपत्ति का ब्योरा शपथपत्र के साथ सार्वजनिक करने का प्रावधान किया है। जिसके अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपनी घोषित संपत्ति की जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया है। करोड़पति नायक के एक लाख कैश, जमीन व शेयर बांड में लाखों के निवेश
कांग्रेस नेता और महापौर प्रत्याशी प्रमोद नायक करोड़ों रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। उनके पास कुल 5 करोड़ 77 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति है। उनके पास एक लाख रुपए कैश, बैंक अकाउंट में 3.44 लाख रुपए जमा है। जबकि शेयर बाजार में 90 लाख 96 हजार रुपए निवेश किए हैं। उनके पास 8 लाख रुपए कीमती टोयोटा ग्लांजा कार, 12 लाख 82 हजार रुपए कीमती 160 ग्राम सोना के साथ ही मुंगेली, मस्तूरी और रायपुर स्थित जमीन में जमीन है, जिसकी कीमत 61.10 लाख रुपए बताई गई है। वहीं गैर-कृषि भूमि 1 करोड़ 60 करोड़ रुपए की है। कांग्रेस प्रत्याशी के बैंक अकाउंट में पत्नी से कम पैसा
कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद नायक के पास एक लाख रुपए कैश और छह बैंक अकाउंट में 3 लाख 44 हजार रुपए जमा है। जबकि, उनकी पत्नी मीतू नायक के पास 70 हजार रुपए कैश और चार बैंक अकाउंट में 36 लाख 2 हजार रुपए जमा है। वहीं उनकी बेटी अर्नवी के पास 5 हजार रुपए कैश दो बैंक में 5 लाख 30 हजार 370 रुपए जमा है। प्रमोद नायक की पत्नी और बेटी के नाम पर 2 करोड़ 23 लाख 7 हजार रुपए की संपत्ति है, जिसमें 96 लाख 36 हजार रुपए शेयर मार्केट में निवेश, 240 ग्राम सोना 19 लाख 24 हजार रुपए है। जानिए भाजपा प्रत्याशी एल. पद्मजा विधानी की संपत्ति
भाजपा प्रत्याशी एल. पद्मजा उर्फ पूजा विधानी के पास कुल 2 करोड़ 23 लाख रुपए की संपत्ति है। उनके पास एक लाख कैश, बैंक अकाउंट में पांच हजार रुपए, 13 लाख रुपए कीमती कार, 25 लाख की बैकहो लोडर, 8 लाख कीमती ट्रैक्टर, 25 लाख रुपए की 30 तोला सोना है। उनके नाम पर दोमुहानी में 50 लाख रुपये कीमत का फार्म हाउस भी है। वहीं, उन पर 25 लाख रुपए का कर्ज बकाया है। उनके पति अशोक विधानी के पास एक करोड़ रुपए मूल्य की हेमूनगर चौक स्थित आवासीय संपत्ति है। हालांकि, उनके ऊपर 25 लाख रुपए का कर्ज बकाया है। करोड़पति बनने की राह पर AAP कैंडिडेट खगेश चंद्राकर
आम आदमी पार्टी के महापौर प्रत्याशी खगेश कुमार चंद्राकर भी करोड़पति बनने की ओर अग्रसर हैं। उनके पास 80 लाख 58 हजार रुपए की संपत्ति है। उन्होंने शेयर बाजार में 95 हजार रुपए निवेश किया है। जबकि, बैंक अकाउंट में 1 लाख 15 हजार रुपए और एलआइसी में 73 हजार रुपये का निवेश किया है। उनके पास 14 लाख 40 हजार रुपए कीमती कार और 65 हजार रुपए की स्कूटी, 25 ग्राम सोना 2.70 लाख रुपए मूल्य और 45 लाख रुपए की कृषि व आवासीय भूमि है। हालांकि, खगेश ने 18 लाख 93 हजार रुपए का होम और कार लोन भी लिया है। पत्नी के नाम पर है 67 लाख रुपए की संपत्ति
खगेश चंद्राकर की पत्नी के पास 90 हजार रुपए कैश है। साथ ही बैंक अकाउंट में 11 हजार रुपए जमा है। 53 हजार रुपए की एलआइसी पॉलिसी, 10 लाख 80 हजार रुपए रुपए कीमती सोने के गहने और 55 लाख रुपए का प्लाट है। उनकी पत्नी की कुल संपत्ति 67 लाख 34 हजार रुपए है।


