सिटी रिपोर्टर | बोकारो कोक ओवेन एंड कोक केमिकल विभाग के कोक शर्टिंग प्लांट में कार्यरत 92 ठेका मजदूरों को महीने में केवल 21 दिन काम देने के फैसले के खिलाफ सोमवार को भारी बारिश के बीच प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व जय झारखंड मजदूर समाज के महामंत्री बीके चौधरी ने की। कहा कि जो काम स्वाभाविक रूप से तीनों पाली में अनवरत चलता है, उसे मनरेगा की तरह सीमित दिनों में बांधना न सिर्फ अन्यायपूर्ण है, बल्कि लेबर एक्ट का उल्लंघन भी है। चौधरी ने आरोप लगाया कि प्रबंधन 21 दिन की हठधर्मिता पर अड़ा हुआ है, जबकि वही कार्य 26 दिन करने को कंपनी तैयार है। वर्क ऑर्डर के तहत निर्धारित 51 लाख की मजदूरी राशि को बचाकर बंदरबांट की साजिश की जा रही है, जिससे मजदूर संगठन कभी सफल नहीं होने देगा। स्थायी प्रकृति का काम जो पूर्व में इस्पातकर्मियों द्वारा किया जाता था, अब ठेका मजदूरों से कराया जा रहा है। ऐसे में उन्हें साइकल भत्ता, कैंटीन सुविधा, नाइट शिफ्ट भत्ता, हिट डस्ट अलाउंस और इंसेंटिव रिवॉर्ड भी मिलना चाहिए। 12-13 अगस्त को दो दिवसीय हड़ताल की चेतावनी नोटिस दिया गया है। प्रदर्शन के दौरान संयुक्त मांग पत्र प्रबंधन को सौंपा गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता संयुक्त महामंत्री अनिल कुमार ने की। मौके पर एनके सिंह, सीकेएस मुंडा, रोशन कुमार, आरवी सिंह, तुलसी साहू, रामेश्वर मांझी, मोहन मरांडी, अरूप मंडल, मनोज एक्का, आई अहमद, जितेंद्र चौधरी, राजेंद्र प्रसाद, ओपी चौहान, उत्तम कुमार, रवि राय, सुजीत महतो, अजय अदक, नकुल दास, दिलीप मंडल, प्रकाश महली, राजेश दास, नासिर अहमद खान आदि मौजूद थे।


