सिंगोली थाना पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर झांतला-बिलखंडा रोड पर नाकाबंदी कर एक तस्कर को 54.300 किलोग्राम पिसा हुआ डोडा चूरा के साथ गिरफ्तार किया है। सिंगोली थाना प्रभारी के अनुसार, राजस्थान की सीमावर्ती क्षेत्र से तस्कर अफीम काश्तकारों को आर्थिक प्रलोभन देकर डोडा चूरा खरीद रहे हैं। आरोपी नीलेश जो कंजार्डा थाना मनासा का रहने वाला है, काली रंग की मोटरसाइकिल पर तीन विमल के थैलों में मादक पदार्थ ले जा रहा था। पुलिस को देखकर वह घबराकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अभी तक यह खुलासा नहीं किया है कि वह मादक पदार्थ कहां से खरीद कर लाया था और किसे देने जा रहा था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


