भास्कर न्यूज | जशपुरनगर/नारायणपुर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत पुलिस ने थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम रानीकोंबो में कार्रवाई करते हुए क्रेटा कार से तस्करी कर ले जाए जा रहे 1 क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जब्त गांजे की बाजार कीमत लगभग 55 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 जनवरी की सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच थाना नारायणपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार में अवैध गांजा छुपाकर कुनकुरी की ओर से नारायणपुर होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना नारायणपुर एवं थाना बगीचा की संयुक्त पुलिस टीम ने ग्राम रानीकोंबो के मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। कार की तलाशी लेने पर बीच की सीट के नीचे तथा डिक्की में कारपेट के नीचे छुपाकर रखे गए पीले टेप से लिपटे कुल 180 पैकेट गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार और दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। आरोपियों के िखलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जेल भेज दिया गया है। उत्तरप्रदेश के हैं दोनों आरोपी, तीसरा फरार गिरफ्तार आरोपियों में उत्तरप्रदेश लखनऊ के जगदीशपुर निवासी शान मोहम्मद उर्फ सानू (22) और यूपी के सीतापुर निवासी सुहैल अहमद (19) शामिल है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उक्त गांजा ओडिशा के मलकानगिरी से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लखनऊ में गांजा मंगाने वाले तीसरे तस्कर की पहचान भी कर ली है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जारी रहेगा अभियान ^नशे के खिलाफ ऑपरेशन ‘आघात’ लगातार जारी है। सभी थाना और पुलिस इसके लिए अलर्ट है। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। शशि मोहन सिंह, एसएसपी, जशपुर नारायणपुर रूट पर यूपी या ओडिशा की गािड़यां ज्यादा सूत्र बताते है की ओडिसा से गांजा तस्करी फिर तेज हो गई है। तस्कर बिना खौफ के मुख्य सड़कों से गुजऱ रहे है। वर्तमान में ओडिसा से यूपी तस्करी का प्रमुख मार्ग झड़सुगुड़ा, सुंदरगढ़, लावकेरा, कुनकुरी, नारायणपुर, बगीचा, बतौल, अंबिकापुर होते हुए वाड्राफनगर के रास्ते यूपी है। इससे पहले तस्कर जशपुर गुमला होते हुए निकल रहे है। ग्रामीण बताते है की इन दिनों नारायणपुर रुट पर यूपी या ओडिसा नंबर के बाइक भी खूब चल रहे हैं। अधिकांश बाइक में लगेज बंधा रहता है। पुलिस जांच तक नहीं करती।


