55 लाख के विवाद में पिस्का मोड़ के पास हुआ था गैंगवार, कांके रिंग रोड में 3 एकड़ जमीन पर दोनों पक्ष ठोंक रहे दावा

रांची पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ स्थित तेल मिल गली के पास हुए गोलीकांड में शामिल 6 आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जेल भेजे गए आरोपियों में सरगना संजय पांडे भी शामिल है। एक जमीन के एवज में 55 लाख रुपए की लेन-देन को लेकर संजय पांडे का ही विकास सिंह और उसके भाई आकाश सिंह से विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद संजय के इशारे पर कार से पहुंचे अपराधियों ने गोलीबारी शुरू की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में 3 लोग घायल हुए। एक पक्ष से विकास सिंह और उसके भाई आकाश सिंह को गोली लगी जबकि दूसरे से संजय पांडे गिरोह के रवि यादव को भी गोली लगी थी। पुलिस जांच में इस बात की जानकारी मिली है कि कांके स्थित रिंग रोड में संजय पांडे ने 3 एकड़ का प्लॉट लिया है। हालांकि इसी प्लॉट पर संदीप थापा की भी नजर है। संदीप के इशारे पर विकास सिंह और आकाश सिंह भी उक्त प्लॉट पर काम करना चाहता है। इसके लिए संजय पांडे और विकास सिंह के बीच बातचीत भी हुई थी। काफी मशक्कत के बाद संजय ने 36 डिसमिल जमीन विकास को देने का वादा भी किया था। इसके एवज में संजय पांडे ने 55 लाख एडवांस भी विकास सिंह से ले रखा था। पैसा लेने के बावजूद उसने जमीन पर कब्जा नहीं दिया । उलटे विकास और आकाश की हत्या का प्लान बना दिया। तय प्लानिंग के तहत फायरिंग करवाई। जिसमें 3 घायल हो गए। गोलीबारी में घायल हुए विकास सिंह और आकाश सिंह के अलावा रवि यादव को भी गिरफ्तार करने की तैयारी पुलिस ने शुरू कर दी है। इसके लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एक पक्ष से जेल गए सरगना संजय पांडे ने पुलिस को बताया है कि आकाश और विकास का कुख्यात अपराधी संदीप थापा से संपर्क है। दोनों भाई संदीप थापा के इशारे पर ही जमीन डील कर रहा है। संजय ने पुलिस को यह भी बताया है कि जमीन पर कब्जा करने के लिए संदीप थापा दोनों भाईयों को हथियार व शूटर भी उपलब्ध कराता है। वहीं गोली लगने से घायल संजय पांडे गिरोह के रवि यादव द्वारा भी तेल मिल गली के पास गोलीबारी किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली है। ऐसे में पुलिस तीनों घायलों के ठीक होने का इंतजार कर रही है। तबतक इनके खिलाफ साक्ष्य एकत्रित किया जा रहा है ताकि अस्पताल से छुट्टी मिलते ही इन तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा सके। ^कांके रोड स्थित रिंग रोड में 3 एकड़ जमीन विवाद के अलावा पैसे की लेन-देन में तेल मिल गली के पास 2 पक्ष के बीच गोलीबारी हुई थी। इसमें 3 लोग घायल हुए थे। सरगना संजय पांडे समेत 6 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गोलीकांड में शामिल अन्य आरोपी के बारे में भी जानकारी मिल गई है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। – पारस राणा, सिटी एसपी रांची

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *