भास्कर न्यूज | जालंधर प्राचीन मंदिर बाबा यशरथ राय जी श्री बालाजी धाम थापरां मोहल्ला में नए साल के मौके पर शुक्रवार को सुंदरकांड पाठ व भजन संध्या का आयोजन किया गया। विद्वानों ने विधिवत पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। पूजन के बाद भक्तों ने दरबार में माथा टेककर अपने परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। मंदिर के मुख्य सेवादार गौरव थापर ने बताया कि इस मौके पर खाटू श्याम जी का 51 किलो फूल के साथ शृंगार किया गया। इनमें इंग्लिश गुलाब, सफेद रजनीगंधा, गुलदावरी, आर्केड व अन्य फूलों से हार-शृंगार किया गया। इसके अलावा भक्तों ने 56 प्रकार के अलग-अलग व्यंजनों का भोग भी लगाया। ‘तेरे जैसा राम भक्त हुआ न होगा मतवाला…’, ‘आजा श्याम तेरा है इंतजार…’ व अन्य भजन सुनाए। थापर ने कहा कि प्रेम ऐसा पवित्र एवं आत्मीय शब्द है, जिसका व्याख्यान भोग विलास में लिप्त इस संसार की भाषा में व्यक्त नहीं किया जा सकता। इसकी महानता को पाने के लिए पूर्णत: गुरु के साथ जुड़ना होगा, अपने जीवन की चाल को गुरु की ताल के साथ मिलाना होगा। थापर ने कहा कि जैसे एक पत्ता जब तक वृक्ष के साथ जुड़ा रहता है तब तक सुरक्षित रहता है, स्वयं तो हरा-भरा दिखता है साथ ही लोगों के मन को भी भाता है। ठीक उसी प्रकार एक शिष्य की प्रेमाभक्ति भी तभी तक रहती है, जब तक वह अपने जीवन के प्रत्येक पल को गुरु के साथ जोड़ कर रखता है। दरबार में भक्तों ने प्रभु को चॉकलेट, लड्डु, बर्फी, पान, फल व अन्य प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर स्वीटा राम, संजीव जैन, राजेश, मनोज खुराना, अजय सहगल, वरुण ढल, गगन गरोवर, पवन मल्होत्रा, मनोज बाहरी, रवि मदान, अमित अरोड़ा, विवेक मल्होत्रा, सुरिंदर राणा व अन्य मौजूद रहे।


