6 माह से सीवर समस्या से जूझ रहे लोगों का प्रदर्शन, निगम सब जोन बी-4 में ताला लगाने की चेतावनी

भास्कर न्यूज | लुधियाना वार्ड नंबर-26 में लंबे समय से चली आ रही सीवर समस्या का स्थायी समाधान न होने पर इलाके के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को स्थानीय निवासियों ने नगर निगम के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्षद गौरव भट्टी ने किया। इस दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सीवर समस्या का पक्का हल नहीं किया गया तो शेरपुर स्थित नगर निगम सब-जोन बी-4 में ताला लगाकर कार्यालय बंद कर दिया जाएगा। रोष प्रदर्शन के दौरान बलवीर सिंह नीला, मंगत सिंह, बाबू राम, शामा विश्वकर्मा कॉलोनी, गुलफाम, कंपनी, गुरप्रीत सिंह, मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में इलाका निवासी मौजूद रहे। लोगों ने एक सुर में नगर निगम से जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान इलाका निवासियों ने बताया कि विश्वकर्मा कॉलोनी में गुरुद्वारा साहिब और मस्जिद के बाहर सीवर की समस्या लगभग रोजाना बनी रहती है। आए दिन नगर निगम के कर्मचारी सीवर में बांस डालकर अस्थायी तौर पर सफाई कर चले जाते हैं और सीवर का पानी रोड जाली के माध्यम से निकाल दिया जाता है, लेकिन यह समाधान कुछ ही समय के लिए होता है। पूरी कॉलोनी में सीवर के ढक्कन गार से भरे हुए हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इलाका निवासियों का कहना है कि पिछले 6 महीनों से वे संबंधित अधिकारियों से लगातार सीवर की स्थायी सफाई के लिए पक्की मशीन और सुपर सक्शन मशीन लगाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने बताया कि पार्षद गौरव भट्टी ने अपने पार्षद कोटे से सुपर सक्शन मशीन की फाइल का एस्टीमेट भी तैयार करवा दिया था, इसके बावजूद अब तक काम शुरू नहीं किया गया। इसी तरह सनातन मंदिर रोड फेज-1 में भी सीवर लाइन की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहां नगर निगम की ओर से न तो लाइन का पक्का समाधान किया गया है और न ही बीएंडआर विभाग के पास आवश्यक संसाधन मौजूद हैं। मौके पर न मिस्त्री है, न रोड जाली, न पाइप और न ही लेबर का कोई पुख्ता प्रबंध किया गया है। इस पर पार्षद गौरव भट्टी ने साफ कहा कि यदि नगर निगम ने जल्द सीवर समस्या का स्थायी समाधान और जरूरी संसाधनों का प्रबंध नहीं किया तो मजबूरन सब-जोन बी-4 (शेरपुर) को ताला लगाकर विरोध तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की बुनियादी समस्याओं को नजरअंदाज करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उधर, एक्सईएन बलजिंदर सिंह से बात की तो उन्होंने कहा कि जेई और एसडीओ की ड्यूटी लगाते हुए समस्या का समाधान कराया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *