सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो में सवार एक युवक उड़नदस्ता टीम को देखकर अंधेरे में भाग निकला। मामला संदिग्ध लगने पर टीम ने गाड़ी को घेर दूसरे युवक को धरदबोचा। वाहन की जांच में 300 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। इसकी कीमत तीन लाख रुपए बताई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। 21 जनवरी की रात सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सांडबार वन देवी मंदिर मार्ग पर सड़क के नीचे एक काले कलर की स्कॉर्पियो संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। टीम वाहन के पास पहुंची तो गाड़ी से एक व्यक्ति उतरकर अंधेरे में भाग गया, जबकि वाहन में बैठे दूसरे व्यक्ति को टीम ने दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राम बिहारी कुर्रे निवासी बंधा थाना लखनपुर जिला सरगुजा बताया। आरोपी के पास रखे काले कलर के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर उसमें 600 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। बरामद नशीले इंजेक्शन की कीमत 3 लाख बताई गई है। आबकारी उड़नदस्ता टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष न्यायाधीश नारकोटिक्स, अंबिकापुर के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल दाखिल करने का आदेश दिया गया। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि जनवरी माह में उड़नदस्ता टीम की नशीले इंजेक्शन के खिलाफ यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है।


