कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना सत्र 2023-24 और इन्दिरा प्रियदर्शिनी पुरस्कार योजना सत्र 2021-22 एवं 2022-23 की स्कूटियों का वितरण कार्यक्रम मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग के मुख्य आतिथ्य एवं सांसद लुम्बाराम चौधरी, आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित, जिला प्रमुख राजेश कुमार, जालोर प्रधान नारायण सिंह राजपुरोहित तथा जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे के विशिष्ट आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। समारोह में अतिथियों द्वारा जालोर एवं सांचौर की उच्च शिक्षा विभाग अंतर्गत सभी वर्ग की 27, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तहत अनुसूचित जाति की16, अनुसूचित जनजाति विभाग के तहत 5, माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत सामान्य वर्ग का आर्थिक पिछड़ा वर्ग 5, इन्दिरा प्रियदर्शनी पुरस्कार योजनान्तर्गत सत्र 2021-22 एवं 2022-23 की 9 सहित कुल 62 छात्राओं को स्कूटियों का वितरण किया गया। छात्राएं देश-प्रदेश का करें नाम रोशन कार्यक्रम में मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने लाभार्थी छात्राओं एवं अभिभावकों को शुभकामनाएं दी तथा छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा अर्जन में पूरे मनोयोग से मेहनत कर सरकारी सेवा प्राप्त कर अपने जिले एवं परिवार का नाम राजस्थान में ही नहीं बल्कि देश में रोशन करें। सांसद लुम्बाराम चौधरी ने छात्राओं से राज्य एवं केन्द्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का प्रसार-प्रचार करने एवं इनका भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शिक्षा के क्षेत्र में राज्य एवं केन्द्र सरकार की कई योजनाएं संचालित है जिसका विद्यार्थी फायदा उठाकर अपने करियर के लक्ष्य को प्राप्त कर सकता हैं। स्कूटी योजना के जिला नोडल प्रभारी डॉ. वगताराम चौधरी ने स्वागत उदबोधन देते हुए राज्य सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में संचालित स्कूटी योजना से संबंधित नियमों एवं पात्रता की जानकारी दी। इस अवसर पर महाविद्यालय के सेवानिवृत प्राचार्य डॉ. एमएल. जांगिड़, डॉ. पीपाराम, डॉ. विक्रम टांक, सुमित दवे, नरेश राजपुरोहित, पुष्पा देवी, मुकेश कुमार, रतन लाल, प्रकाश, शंकर लाल और छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।


