भास्कर संवाददात | सीकर 69वीं राष्ट्रीय अंडर-14 स्कूली क्रिकेट प्रतियोगिता में राज्य व यूनिट की कुल 29 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रतियोगिता 19 जनवरी से एसबीएस ग्रुप ऑफ एजुकेशन के खेल परिसर में होगी। गुरुवार को चूरू संभाग के शिक्षा विभाग की संयुक्त निदेशक संगीता मानवी ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। संयुक्त निदेशक ने मैदान, खिलाड़ियों की आवास व्यवस्था, सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को देखा। उन्होंने आयोजकों को प्रतियोगिता में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सीकर टीम के खिलाड़ियों से संवाद किया। प्रभारी एडीईओ सज्जन सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता की सफल मेजबानी के लिए एक समन्वय बैठक की गई। बैठक में विभिन्न समितियों द्वारा प्रस्तुत की गई कार्ययोजना रिपोर्ट का अवलोकन कर व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। संयुक्त निदेशक खेल कमल सारन ने सभी समितियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन न केवल सीकर जिले बल्कि पूरे शेखावाटी क्षेत्र की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त करेगा। एसबीएस निदेशक विजेंद्र सिंह पचार ने कहा कि प्रतियोगिता के आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। निरीक्षण के समय संभागीय को-ऑर्डिनेटर महेंद्र सिंह बड़सरा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह शेखावत, जिला साक्षरता अधिकारी डॉ. चन्द्र प्रकाश महर्षि सहित शिक्षा विभाग के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान चूरू संभाग के शिक्षा विभाग की संयुक्त निदेशक व अन्य।


