लुधियाना| खाद्य सुरक्षा टीम ने बड़ी कार्रवाई की, जिसमें छापेमारी करते हुए मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त की। सिविल सर्जन डॉ. रमनदीप कौर और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत कौर के नेतृत्व में ताजपुर और समराला चौक के पास कई जगह छापेमारी की गई। इस दौरान बड़ी मात्रा में मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त की गई। खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों को चालान जारी किए गए। टीम ने सूचना के आधार पर इलाके के कई प्रतिष्ठानों की जांच की। ताजपुर की एक मिठाई की दुकान से 100 किलो खोया जब्त किया गया। एक गुड़ निर्माण इकाई से 7 क्विंटल गुड़ और 350 किलो चीनी बरामद की गई। यह चीनी गुड़ बनाने में इस्तेमाल हो रही थी। सभी जब्त खाद्य पदार्थों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। टीम ने स्वास्थ्य के अन्य खतरों पर भी ध्यान दिया। सोडा बंटा की छह बोतलें जांच के लिए एकत्र की गईं। समराला चौक के पास एक विक्रेता को गंदगी के कारण चालान किया गया। ताजपुर में एक स्कूल के पास एनर्जी ड्रिंक बेचने वाले को भी धारा 58 के तहत चालान जारी किया गया। अधिकारियों ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। विभाग ने चेतावनी दी है कि खाद्य सुरक्षा कानूनों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।


